गिरिडीह (Giridih): झारखण्ड के गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डिस्कवरी होटल में छापेमारी की। कथित अनैतिक गतिविधियों की गुप्त सूचना पर हुई इस कार्रवाई में दो युवक और दो युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया गया, जबकि होटल संचालक मौके से फरार हो गया। प्रशासन ने होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार को सूचना मिली थी कि धनवार स्थित डिस्कवरी होटल में कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना मिलते ही खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में धनवार बीडीओ देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
टीम ने होटल के सभी कमरों की गहन तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान दो युवक और दो युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। जब उनसे पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो वे तत्काल कोई वैध पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी को पूछताछ के लिए धनवार थाना लाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल का रजिस्टर, एंट्री रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर जांच शुरू कर दी। इसके बाद सीआई सह दंडाधिकारी अभिषेक कुमार की मौजूदगी में होटल को विधिवत सील कर दिया गया।
इधर, कार्रवाई की भनक लगते ही होटल संचालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 
पुलिस का कहना है कि होटल में संचालित गतिविधियों और जब्त किए गए दस्तावेजों व सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Report by नफीस अज़हर








