साहिबगंज (Sahibganj) : झारखंड के साहिबगंज जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरहरवा पुलिस को बुधवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक यात्री बस से करीब 20.180 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस दौरान ओडिशा के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल को सूचना मिली थी कि एक बस के जरिए भारी मात्रा में गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने बरहरवा थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव के पास बुधवार सुबह करीब 8:20 बजे वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान बीआर02 पीबी-6518 नंबर की यात्री बस को रोककर तलाशी ली गई। इसी दौरान बस में सवार दो युवकों के बैग पर पुलिस को शक हुआ। जब बैग की गहन जांच की गई तो उसमें 10 बंडल गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा का कुल वजन 20.180 किलोग्राम बताया गया।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान असीम मोहंती (34) निवासी केटरापाड़ा, ओडिशा तथा प्रफुल चन्द्र देवड़ी (22) निवासी जाशपुर, ओडिशा के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पाकुड़ जिले के हिरणपुर क्षेत्र के मदन भगत नामक व्यक्ति के संपर्क में थे और पिछले करीब दो वर्षों से गांजा तस्करी के धंधे में सक्रिय थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी असीम मोहंती के खिलाफ ओडिशा में हत्या, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत आठ मामले दर्ज हैं। वहीं झारखंड में भी उसके खिलाफ दो मामले पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं।
फिलहाल बरहरवा थाना में कांड संख्या 115/2026 दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी।
Report By शमशेर अहमद








