मुजफ्फरपुर Mujaffarpur): बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शहर के प्रसाद हॉस्पिटल के ICU में अचानक भीषण आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही अस्पताल प्रशासन, मरीजों और उनके परिजनों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। ICU में भर्ती मरीजों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार कई मरीज आग और धुएं से प्रभावित हुए हैं, हालांकि नुकसान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद ICU से धुएं का गुबार निकलने लगा, जिसके बाद अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और घटना की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। 
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब हाल ही में दिल्ली में हुए अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया था। मुजफ्फरपुर की इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 
👉फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Desk Report By IN TV








