भागलपुर (Bhagalpur): बिहार के भागलपुर जिले की पुलिस ने नवगछिया के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर श्याम साह हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या मामले में शूटर और लाइनर सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि 3 जून 2026 को नवगछिया जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित पोखरिया चौक के समीप अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर श्याम साह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी और लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना के बाद मामले के त्वरित खुलासे के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज तथा मानवीय अनुसंधान के आधार पर अपराधियों तक पहुंच बनाई। जांच के दौरान हत्या की साजिश रचने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने शूटर, लाइनर समेत तीन आरोपियों को दबोच लिया।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि साजिश के अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भी पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया जाएगा।
Desk report by IN TV








