राँची (Ranchi): झारखण्ड के रांची मे हज की मुकद्दस यात्रा पूरी कर लौटने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनवार अहमद अंसारी ने गुरुवार को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात आध्यात्मिक भावनाओं, सौहार्द और शुभकामनाओं से सराबोर रही।
मुलाकात के दौरान अनवार अहमद अंसारी ने पवित्र नगरी मक्का और मदीना शरीफ में बिताए गए अपने यादगार क्षणों और हज यात्रा के दौरान प्राप्त आध्यात्मिक अनुभूतियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि हज केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देने वाली एक महान इबादत है।
इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को आब-ए-जमजम तथा मक्का-मदीना शरीफ से लाए गए पवित्र तोहफे भेंट किए। उपहार स्वीकार करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया और सफल हज यात्रा की दिली मुबारकबाद दी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जो इंसान को सब्र, त्याग और मानवता की सेवा का संदेश देता है। उन्होंने अल्लाह तआला से दुआ की कि अनवार अहमद अंसारी की हज यात्रा कबूल हो तथा उन्हें स्वस्थ, खुशहाल और कामयाब जिंदगी अता फरमाए।
मुलाकात के दौरान धार्मिक मूल्यों, सामाजिक सौहार्द और समाज की बेहतरी से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। यह भेंट आध्यात्मिक आस्था, भाईचारे और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश देने वाली रही
Report By मुजफ्फर हुसैन








