वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

1.60 लाख ग्रामीणों की प्यास बुझाएगी जलापूर्ति योजना, डीसी ने किया निरीक्षण; 45 दिनों में काम पूरा करने का निर्देश

दुमका (Dumka): जामा और जरमुंडी प्रखंड के लाखों ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में चल रही बहु-ग्रामीण जलापूर्ति योजना का गुरुवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मसलिया प्रखंड के कोलारकोंदा पंचायत स्थित कमारसली गांव पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों ने उपायुक्त को बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत जामा प्रखंड की 14 और जरमुंडी प्रखंड की 13 पंचायतों सहित कुल 27 पंचायतों के 1 लाख 60 हजार से अधिक ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत वाटर इंटेक समेत विभिन्न संरचनाओं का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और वाटर इंटेक का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश देते हुए कहा कि अगले 45 दिनों के भीतर वाटर इंटेक से जुड़े सभी कार्य हर हाल में पूर्ण किए जाएं तथा शेष निर्माण कार्यों में भी तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह केवल एक सरकारी परियोजना नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीण परिवारों की बुनियादी जरूरत और स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है, इसलिए किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि योजना का लाभ प्रत्येक गांव और प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे। यदि किसी क्षेत्र में अतिरिक्त परिवारों को जोड़ने की आवश्यकता हो तो उसके लिए आवश्यक प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी संरचनाओं का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी और सतत समीक्षा करने का निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में जलापूर्ति व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित हो, इसके लिए अभी से सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि योजना पूरी होने के बाद जामा और जरमुंडी प्रखंड के लाखों ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल मिलेगा, जिससे उनके स्वास्थ्य, जीवन स्तर और दैनिक जीवन में व्यापक सकारात्मक बदलाव आएगा।

Report by मौशम कुमार गुप्ता

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें