रामपुर से टोपरा तक एसडीओ-सीओ ने लिया जमीनी हालात का जायजा, खाद्य सामग्री के साथ पशुओं के लिए चारा भी वितरित
साहिबगंज।(Sahibganj) झारखण्ड के साहिबगंज जिले मे बाढ़ की विकट परिस्थितियों के बीच प्रभावित परिवारों तक राहत और प्रशासनिक सहायता पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में साहिबगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द एवं अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने सदर प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासनिक टीम ने रामपुर, बलुआ टोली, दुर्गास्थान और टोपरा समेत कई प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियों और तत्काल जरूरतों की जानकारी ली।
इस दौरान जरूरतमंद परिवारों के बीच आवश्यक खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। वहीं, बाढ़ की वजह से पशुओं के सामने उत्पन्न चारे की समस्या को देखते हुए पशुचारा भी उपलब्ध कराया गया।
ग्रामीणों से सीधा संवाद, हरसंभव मदद का भरोसा
प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत करते हुए अधिकारियों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ उनके साथ खड़ा है।
प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने का भरोसा दिया गया।
राहत-बचाव कार्यों की लगातार निगरानी के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही जरूरत के मुताबिक राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर विशेष जोर दिया।
बाढ़ की चुनौती के बीच प्रशासन की यह सक्रियता प्रभावित परिवारों तक राहत, सहायता और भरोसा पहुंचाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
Desk Report by in Tv








