वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

दुमका: संप्रेक्षण गृह पहुंचे झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति संजय प्रसाद, किशोरों से मिले और दिया ‘फ्रेश स्टार्ट’ का संदेश

दुमका (Dumka): झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संजय प्रसाद ने दुमका स्थित संप्रेक्षण गृह, हिजला का निरीक्षण कर वहां रह रहे किशोरों की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। न्यायमूर्ति के पहुंचने पर किशोरों ने संथाल परगना की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप लोटा-पानी और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच मनमोहक नृत्य के साथ उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति संजय प्रसाद ने संप्रेक्षण गृह के कार्यालय, विधि-व्यवस्था, पुस्तकालय, आवासन कक्ष, व्यावसायिक प्रशिक्षण कक्ष, भोजनालय, शौचालय, क्रीड़ा स्थल, पेयजल और बिजली व्यवस्था समेत विभिन्न सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि झालसा की ओर से उपलब्ध कराई गई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और मार्गदर्शिका का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि संप्रेक्षण गृह में रह रहे किशोरों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर सुविधाएं और मार्गदर्शन मिल सके।

किशोरों से आमने-सामने संवाद, कहा—गलती से सीखें और नई शुरुआत करें

निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ने आवासित किशोरों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने किशोरों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि जाने-अनजाने हुई गलतियों से सीख लेकर जीवन में नई शुरुआत करनी चाहिए।
उन्होंने किशोरों से संप्रेक्षण गृह में रहते हुए नियमित अध्ययन करने, कौशल प्रशिक्षण हासिल करने और अपने हुनर को निखारने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल के माध्यम से किशोर अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं और समाज में एक जिम्मेदार एवं अच्छे नागरिक के रूप में अपनी पहचान बना सकते हैं।

जन्मदिन पर काटा केक, किशोरों को दिए उपहार

निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति संजय प्रसाद ने संप्रेक्षण गृह में रह रहे किशोरों के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर उनके साथ खुशियां साझा कीं। उन्होंने किशोरों को कॉपी, कलम, बिस्किट और चॉकलेट उपहार स्वरूप प्रदान कर उनका उत्साहवर्द्धन किया।
न्यायमूर्ति ने संप्रेक्षण गृह में किशोरों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतुष्टि भी व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुधांशु कुमार शशि, प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रकाश झा, प्रधान दंडाधिकारी किशोर न्याय बोर्ड नेहा झा, जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार, अनुमंडल पदाधिकारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य सुबीर कुमार भट्टाचार्य, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Report by मौसम गुप्ता

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें