पश्चिम बंगाल से जमशेदपुर लौटने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, ट्रेलर से टकराई कार
टक्कर के बाद कार के उड़े परखच्चे, गैस कटर से काटकर निकाले गए शव; मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक
जमशेदपुर (Jamshedpur): झारखद के जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह उर्फ त्रिसा चौधरी भी शामिल हैं। हादसे की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल से जमशेदपुर लौटने के दौरान सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच मरीन ड्राइव पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतकों की पहचान तृषा सिंह उर्फ त्रिसा चौधरी, सार्थक, वंशिका और नमन गुप्ता के रूप में बताई गई है। हादसे में दो युवतियों और दो युवकों की मौत हुई है।
बेटी की मौत की खबर मिलते ही जमशेदपुर रवाना हुईं मंत्री
हादसे के समय ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र महगामा में थीं। बेटी के हादसे में निधन की सूचना मिलने के बाद वह जमशेदपुर के लिए रवाना हो गई हैं।
मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक
हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और अन्य मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन घड़ी में उनके साथ खड़े होने की बात कही।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।
मरीन ड्राइव पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।
Desk Reporter in Tv








