पाकुड़: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी परिवहन, यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए। 
उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने होली सहित आगामी त्योहारों के मद्देनज़र पूरे जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, रैश ड्राइविंग, बिना सीट बेल्ट, शराब पीकर वाहन चलाना (ड्रंक एंड ड्राइव)नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, अनधिकृत एवं बिना कागजात के वाहन, हाई बीम लाइट, प्रेशर हॉर्न, बॉडी अल्टरेशन वाले वाहन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वर्ष 2025 में 75 तथा वर्ष 2026 (जनवरी-फरवरी) में 12 सड़क दुर्घटनाएँ दर्ज — कुल 87 दुर्घटनाओं में 79 लोगों की मृत्यु हुई। उपायुक्त ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक का जीवन अमूल्य है, अतः दुर्घटनाओं एवं मृत्यु दर को कम करने के लिए सख्त कार्रवाई और जागरूकता दोनों आवश्यक हैं। हिट एंड रन मामलों के त्वरित निष्पादन, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, भारी वाहनों के लिए निर्धारित नो-एंट्री का अनुपालन तथा सीसीटीवी स्थापना पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने पेट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक कर सभी पेट्रोल पंपों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को सुनिश्चित करने को कहा गया। अतिरिक्त एंगल लगाकर चलाए जा रहे ट्रैक्टरों के विरुद्ध अभियान चलाकर अवैध संशोधन हटाने एवं नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने परिवहन, पुलिस, नगर परिषद एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यातायात व्यवस्था को आमजन के अनुकूल एवं सुरक्षित बनाने का निर्देश दिया।
Channel Head/शमशेर अहमद








