साहिबगंज(Sahibganj): जिले में बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संरक्षण पदाधिकारी (गैर संस्थागत देखरेख) चंदा कुमारी के नेतृत्व में चाइल्ड हेल्पलाइन साहिबगंज एवं मंथन संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने बरहरवा थाना प्रभारी रूपेश कुमार यादव से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बाल मित्र पुलिस की भूमिका को प्रभावी बनाने के साथ-साथ बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी और बाल शोषण जैसे गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही पुलिस प्रशासन और बाल संरक्षण इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई, ताकि संकट में फंसे बच्चों को समय पर सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने बच्चों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आपसी सहयोग को मजबूत बनाने पर बल दिया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, उचित संरक्षण और सम्मानपूर्ण भविष्य सुनिश्चित करना है।
संकट में बच्चों की मदद के लिए 1098 पर करें संपर्क
बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी, संकट या सहायता की आवश्यकता होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुंचाने और उनके संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने में मदद मिल सकती है।
IN TV | सच का आईना







