पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ जिले मे करमा पूजा की खुशियों के बीच अचानक गायब हुए 13 वर्षीय दीनानाथ सिंह की तलाश आखिरकार दर्दनाक अंजाम तक पहुंची। हिरणपुर के नयाग्राम से लापता हुए बालक का शव नगर थाना क्षेत्र में देवपुर और मंगलापाड़ा के बीच नदी किनारे बरामद हुआ। मामले में पाकुड़ पुलिस ने 48 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्याकांड के उद्भेदन का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को करमा पूजा के दौरान दीनानाथ के लापता होने की सूचना मिली थी। नाबालिग के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए SP अनुदीप सिंह के निर्देश पर SDPO कुमार गौरव के नेतृत्व में SIT गठित की गई।
जांच आगे बढ़ी तो सामने आया घरेलू और जमीन विवाद का एंगल
SIT ने बच्चे की तलाश के लिए मानवीय सूचना के साथ तकनीकी इनपुट जुटाए और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान घरेलू और जमीन विवाद से जुड़ा एंगल सामने आया।
पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के कारण बालक की हत्या किए जाने और शव को नदी में फेंके जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
हिरणपुर बस स्टैंड से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान नयाग्राम निवासी करीब 40 वर्षीय मनोज कुमार का नाम सामने आया। SIT ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरणपुर बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक हरे रंग का बजाज मैक्सीमा टेम्पू (JH17AE0680) और लोहे का जैक जब्त किया।
नदी किनारे मिला मासूम का शव
जांच के बीच पुलिस को सबसे बड़ी सफलता तब मिली, जब लापता दीनानाथ का शव देवपुर और मंगलापाड़ा के बीच नदी किनारे से बरामद किया गया। शव को आवश्यक परीक्षण के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेजा गया है।
मामले में हरिनन्दन सिंह के आवेदन पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 71/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
48 घंटे की कार्रवाई में SIT की भूमिका
पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के उद्भेदन में मानवीय सूचना, तकनीकी जांच और आधुनिक वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद ली गई। कार्रवाई में SDPO कुमार गौरव, हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, सिमलोंग ओपी प्रभारी बलवंत दुबे समेत हिरणपुर एवं लिट्टीपाड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी, विशेष छापेमारी दल और तकनीकी शाखा के जवान शामिल रहे।
गिरफ्तार आरोपी
मनोज कुमार, उम्र करीब 40 वर्ष
पिता- स्व. हवा सिंह
ग्राम- नयाग्राम, थाना- हिरणपुर, जिला- पाकुड़
स्थायी पता- चिढ़ाना, पोस्ट-महरा, थाना-मोहना, जिला-सोनीपत, हरियाणा।
जब्ती
टेम्पू: JH17AE0680
अन्य: एक लोहे का जैक
पुलिस का दावा है कि महज 48 घंटे में लापता बालक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट किया जाना बाकी है कि वारदात की पूरी कड़ी क्या थी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
Desk Report By in TV








