वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka अवैध बालू खनन पर झारखंड क्रांति सेना का फूटा गुस्सा, जिला खनन पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 

दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले में मयूराक्षी नदी तट से हो रहे कथित अवैध बालू उत्खनन और ओवरलोड परिवहन को लेकर झारखंड क्रांति सेना ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने गुरुवार को जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल स्थलीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

संगठन के सदस्यों ने पदाधिकारी को अवगत कराया कि NGT के आदेश लागू होने के बावजूद जिले के विभिन्न नदी घाटों से धड़ल्ले से अवैध बालू का उठाव जारी है। विशेष रूप से रात्रि के समय ट्रैक्टर एवं ट्रकों के माध्यम से बालू का परिवहन किया जा रहा है, वहीं अवैध चालान पर निर्धारित क्षमता से अधिक बालू लादकर वाहनों का संचालन हो रहा है।

शिकायत में कहा गया है कि मुडमल्ला महारो (जामा), मसलिया व रानीश्वर प्रखंड के कई घाटों से भारी वाहनों के जरिए बड़े पैमाने पर बालू बाहर ले जाया जा रहा है। वहीं जामताड़ा जिले के नाला क्षेत्र से अवैध बालू लदे ट्रक अवैध चालान के साथ दुमका के चुटोनाथ कुमारदुधानी, फूलो झानो चौक, गुहाजोड़ी आदि मुख्य मार्गों से होते हुए बिहार और पश्चिम बंगाल भेजे जा रहे हैं।

झारखंड क्रांति सेना ने मांग की है कि जिन नदी घाटों से व्यावसायिक बालू उठाव की अनुमति नहीं है, वहां औचक जांच अभियान चलाकर अवैध उठाव पर पूर्ण रोक लगाई जाए। यदि जांच में NGT आदेशों की अवहेलना और ओवरलोडिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित वाहनों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत कार्रवाई की जाए। संगठन ने स्पष्ट कहा कि नदी, बालू और अन्य प्राकृतिक संसाधन जनता की साझा संपदा हैं, इनके संरक्षण के लिए नियमों का निष्पक्ष एवं प्रभावी अनुपालन जरूरी है। केवल कागजी कार्रवाई के बजाय नदी घाटों और परिवहन मार्गों की जमीनी हकीकत की जांच होनी चाहिए।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जिला खनन विभाग यथाशीघ्र कार्रवाई नहीं करता है तो वह NGT मुख्यालय को पत्र लिखकर शिकायत करेगा।

मौके पर रोनाल्ड मुर्मू, आनंद मुर्मू, मोहम्मद आसिफ, प्रीतम कुमार सोनू, राजू हांसदा, संगठन के पूर्व अध्यक्ष अमर मरांडी और छात्र नेता राजीव बास्की मौजूद थे।

Report by मौसम गुप्ता 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें