हथियारों का जखीरा, जिंदा कारतूस, करीब 1 किलो चांदी के जेवर और ₹12,700 नकद बरामद; पुलिस के मुताबिक कई जिलों में दर्ज हैं मामले
पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में हुई हथियारबंद लूट की वारदात के बाद मची हलचल पर अब पुलिस ने बड़ा दावा किया है। किशुन वर्मा ज्वेलर्स लूटकांड का 10 दिनों के भीतर खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर हथियार, जिंदा कारतूस, लूटे गए चांदी के आभूषण, नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
घटना 2 सितंबर 2026 की है। अमड़ापाड़ा बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप किशुन वर्मा ज्वेलर्स में तीन हथियारबंद अपराधियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिए जाने की सूचना मिली थी। दुकान संचालक आकाश वर्मा के फर्दबयान पर अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 68/2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल/SIT गठित की गई। पुलिस के मुताबिक SIT की छह टीमों ने अलग-अलग स्तर पर सूचना जुटाते हुए मानवीय, वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की।
10 दिन में तीन गिरफ्तारियां, पुलिस का दावा—खुली लूट की कड़ी
पुलिस के अनुसार जांच में मिले सुरागों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र निवासी प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव, बांका जिले के बंधुआकुरावा थाना क्षेत्र निवासी हर्ष आनंद उर्फ हर्ष यादव और बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र निवासी कमल कुमार किशोर उर्फ कमल यादव शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान तीनों ने कथित तौर पर वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूट से जुड़े सामानों की बरामदगी की।
करीब एक किलो चांदी के आभूषण बरामद
पुलिस के अनुसार बरामदगी में करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं। इनमें चांदी के हेयर क्लिप, 33 सिक्के, कमरबंद, तीन जोड़ी कड़े और अन्य आभूषण बताए गए हैं।
इसके साथ ही 5 जेवर रखने वाली ट्रे, 3 लाल रंग के छोटे थैले, आभूषण नापने की मशीन, 6 प्लास्टिक के डिब्बे, जेवर गलाने में इस्तेमाल होने वाले पत्थर जैसे 2 टुकड़े और ₹12,700 नकद बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
हथियारों के साथ कारतूस भी जब्त
मामले में पुलिस ने 2 देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम के 5 जिंदा कारतूस और .315 बोर के 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक खाली पिस्टल मैगजीन भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल की गई Pasion Pro और Pulsar N-160 मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। दो स्मार्टफोन और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी का कई जिलों में आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ देवघर, बोकारो, जामताड़ा और गोड्डा सहित विभिन्न जिलों में लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ वर्ष 2020 से 2026 के बीच विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज रहे हैं। इनमें ज्वेलरी दुकान में हथियार के बल पर लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े मामले भी शामिल बताए गए हैं।
अब किसकी बारी? बाकी आरोपियों की तलाश जारी
अमड़ापाड़ा ज्वेलर्स लूटकांड में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच अभी खत्म नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक वारदात में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अब जांच का फोकस इस बात पर भी है कि लूट की इस वारदात के पीछे पूरा नेटवर्क क्या था, घटना की योजना कैसे बनी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है
Desk Report By in TV








