गिरिडीह(Giridih): झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार का रविवार तड़के निधन हो गया। उन्होंने गिरिडीह शहर स्थित मर्सी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्री सुदिव्य कुमार पिछले कई दिनों से गिरिडीह से बाहर थे और दो दिन पूर्व ही अपने गृह क्षेत्र लौटे थे। शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि वे हरसिंगरायडीह स्थित अपने आवास पर थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उन्हें तत्काल गिरिडीह के मर्सी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मंत्री के निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास और अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों ने अस्पताल पहुंचकर शोक व्यक्त किया।
इधर सूचना मिलते ही जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत कई प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का लगातार पहुंचना जारी है।
सुदिव्य कुमार झारखंड की राजनीति में एक सक्रिय और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में पहचान रखते थे। उनके आकस्मिक निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक जगत को बड़ी क्षति मानी जा रही है।
Report by नफीस अज़हर








