वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Sahibganj कोयले के काले खेल पर बड़ा सवाल, आखिर किसके संरक्षण में चल रहा तस्करी का खेल?

रांची(Ranchi): यह तस्वीरें कई गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। दावा है कि साहिबगंज जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र के भोराबांध में कटिंग कोयले का अवैध कारोबार बदस्तूर जारी है। आरोप है कि साइकिल और बाइक के जरिए कोयले को एक जगह डंप किया जाता है और फिर बोरियों में भरकर वाहनों के माध्यम से बंगाल की ओर भेजा जाता है।
जानकारों के मुताबिक, पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा लोडिंग पॉइंट से लौटमारा अनलोडिंग पॉइंट की ओर जाने वाले रास्ते में कोयला लदे डंपरों से कथित तौर पर कोयले की कटिंग की जाती है। इसके बाद बाइक और साइकिल के जरिए कोयले को नगर क्षेत्र के मंगलापाड़ा और हिरणपुर क्षेत्र के देवपुर और तारापुर होते हुए सीमावर्ती साहिबगंज के कोटालपोखर थाना क्षेत्र स्थित भोराबांध तक पहुंचाया जाता है।
बताया जाता है कि भोराबांध में कथित तौर पर कोयले की डंपिंग के बाद उसे बोरियों में भरकर बंगाल की ओर तस्करी की जाती है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस कथित अवैध कारोबार की जानकारी आखिर जिम्मेदार महकमों को नहीं है? अगर जानकारी है तो कार्रवाई क्यों नहीं? और अगर जानकारी नहीं है, तो इतने लंबे समय से यह खेल आखिर कैसे चल रहा है?
दो जिलों की सीमा से जुड़े इस पूरे मामले में स्थानीय स्तर पर कथित मिलीभगत और संरक्षण के आरोप भी उठ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों की पहचान जरूरी है।
कोयले के इस कथित काले खेल पर अब प्रशासन क्या कार्रवाई करता है, अवैध कारोबार पर कब शिकंजा कसता है और इसके पीछे कौन-कौन लोग हैं—यह देखने वाली बात होगी।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर हमारी नजर बनी हुई है। बने रहिए IN TV के साथ—सच का आईना।

Desk Report By in Tv

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें