वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka विकलांग महिला का आरोप: घर पर कब्जा, मारपीट और तोड़फोड़, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले के काठीकुंड प्रखंड अंतर्गत धावाडंगाल गांव में एक विकलांग महिला ने अपने पति, सौतन और उसके बेटों पर घर पर अवैध कब्जा, मारपीट और तोड़फोड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में काठीकुंड थाना के साथ-साथ दुमका पुलिस अधीक्षक से भी न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, उसने लगभग चार लाख रुपये का ऋण लेकर अपना घर बनवाया था। इलाज के लिए अस्पताल जाने के दौरान उसकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर उसके पति कबीर अंसारी, सौतन के बेटे हुसैन अंसारी और मुन्ना अंसारी ने कथित रूप से उसके घर पर कब्जा कर लिया।
महिला का आरोप है कि अस्पताल से लौटने के बाद जब उसने अपना घर खाली करने की बात कही तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। उसने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उसे जान से मारने की कोशिश की गई। घटना के समय उसकी 10 वर्षीय बेटी नाज परवीन ने अपनी मां को संभाला और सुरक्षित किया।
पीड़िता ने बताया कि शिकायत के बाद काठीकुंड थाना स्तर पर पंचायत कराई गई, जिसमें आरोपियों को घर खाली करने का निर्देश दिया गया। लेकिन घर खाली करते समय आरोपियों ने कथित रूप से खिड़कियों की जाली तोड़ दी, नल का हैंडल निकाल लिया, बिजली कनेक्शन क्षतिग्रस्त कर दिया और विरोध करने पर दोबारा मारपीट की।
महिला का कहना है कि थाना में शिकायत देने के बावजूद उसे अब तक पूर्ण न्याय नहीं मिला है। इसलिए उसने दुमका के पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
नोट: यह खबर पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस को दिए गए आवेदन पर आधारित है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या पुलिस का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

Report by मौसम गुप्ता 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें