पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में मां-बेटी की निर्मम हत्या से फैली सनसनी के बीच पाकुड़ पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी अबरास अंसारी उर्फ अबरास मोमिन (28) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 5/6 अगस्त 2026 की रात करीब 12 बजे एक महिला और उसकी पुत्री की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद लिट्टीपाड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया।
SIT ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की और महज 12 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून लगा चाकू, खून से सना टी-शर्ट और बरसाती भी बरामद कर ली है, जिन्हें हत्या में इस्तेमाल किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 में हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है।
पाकुड़ पुलिस ने इस त्वरित कार्रवाई को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक साक्ष्य और सटीक खुफिया सूचना का परिणाम बताया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
Desk Report By in TV








