साहिबगंज (Sahibganj): झारखण्ड के साहिबगंज जिले के सदर अस्पताल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा अचानक औचक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। डीडीसी ने इमरजेंसी से लेकर ओपीडी, पुरुष-महिला वार्ड, अल्ट्रासाउंड कक्ष, दवा वितरण केंद्र और पूरे अस्पताल परिसर का गहन निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। 
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बात कर इलाज, दवा, जांच और अस्पताल की सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को साफ संदेश दिया कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।
डीडीसी ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर ड्यूटी, मरीजों को बिना देरी इलाज, पर्याप्त दवा, साफ-सुथरा अस्पताल और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही सिविल सर्जन और अस्पताल उपाधीक्षक को अस्पताल की व्यवस्था में लगातार सुधार, नियमित मॉनिटरिंग और हर मरीज को बेहतर, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीडीसी का साफ संदेश—”स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं… मरीजों को बेहतर इलाज देना ही प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।”
Report by Desk Report inTV








