पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ जिले में नशे के काले कारोबार पर पाकुड़ पुलिस ने एक और करारा प्रहार किया है। हिरणपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में चल रहे कथित गांजा कारोबार पर विशेष छापेमारी दल (SIT) ने ऐसी दबिश दी कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रानीपुर स्थित भोला साहा के घर से अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में टीम ने जैसे ही घर पर दबिश दी, वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
भाग रहे लोगों का पीछा करते हुए पुलिस ने भोला साहा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद घर और दुकान की तलाशी में 120 ग्राम गांजा और इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन बरामद हुई। पुलिस का मानना है कि इन सामानों का उपयोग कथित रूप से मादक पदार्थों के कारोबार में किया जा रहा था।
मामले में हिरणपुर थाना कांड संख्या 51/2026 दर्ज कर NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(A) एवं 22(A) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले का एक अन्य आरोपी मदन भगत अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Desk Report by in Tv








