गोड्डा (Godda): झारखण्ड के गोड्डा जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की वारदातों पर गोड्डा पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। कार्रवाई के दौरान 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जबकि गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहबाज अंसारी, शहनबाज अंसारी और किस्नु रजक के रूप में की है। तीनों के खिलाफ गोड्डा नगर थाना कांड संख्या-138/2026 दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7 स्प्लेंडर, 3 HF डीलक्स, 2 ग्लैमर, 1 होंडा ड्रीम नियो, 1 पैशन प्रो, 1 होंडा डियो स्कूटी, 1 बजाज CT-100 समेत कुल 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शहनबाज अंसारी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Desk Report by in TV








