दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले मे श्रावणी मेला ड्यूटी पर बासुकीनाथ जा रहे झारखंड पुलिस के दो जवान बुधवार को एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। दुमका–देवघर मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाबूपुर के समीप उनकी चलती पल्सर बाइक (JH 04A-5696) में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, शिकारीपाड़ा थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मी सुनील सोरेन अपने एक साथी के साथ विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला ड्यूटी के लिए बासुकीनाथ जा रहे थे। बाबूपुर के समीप पहुंचते ही बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए दोनों जवान तुरंत बाइक से उतर गए। कुछ ही क्षणों में बाइक आग की लपटों से घिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए दुमका–देवघर मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक की सर्विसिंग एक दिन पहले ही कराई गई थी। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के कारण आग लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
राहत की बात यह रही कि हादसे में दोनों पुलिसकर्मी पूरी तरह सुरक्षित हैं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
Report by मौसम गुप्ता








