वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Sahibganj : पहलवानों को मिली जीत की ‘किट’, उपायुक्त ने बढ़ाया जोश; बोले— अब राष्ट्रीय मंच पर गूंजेगा जिले का नाम

साहेबगंज (Sahibganj): झारखण्ड के साहिबगंज के उभरते पहलवानों के सपनों को आज नई उड़ान मिली। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने खेलो इंडिया बालक एवं बालिका कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों के बीच खेल किट वितरित कर उनके हौसले को नई ताकत दी। खिलाड़ियों के चेहरों पर उत्साह साफ दिखाई दिया, वहीं जिला प्रशासन ने उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को ट्रैक सूट, टी-शर्ट, कुश्ती कॉस्ट्यूम, स्पोर्ट्स शूज़, मोजे और बैग सहित सभी आवश्यक खेल सामग्री सौंपी गई। यह पहल खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें बड़े मंचों के लिए तैयार करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण के साथ प्रशिक्षण लेने और राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक साहेबगंज व झारखंड का परचम लहराने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि चाँद भैरव इंडोर स्टेडियम में संचालित खेलो इंडिया कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ी पिछले वर्षों में कई राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ा चुके हैं। खेल विभाग और जिला प्रशासन का लक्ष्य इन प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य का चैंपियन बनाना है।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, कुश्ती प्रशिक्षक प्रकाश सिंह बादल, एथलेटिक्स प्रशिक्षक योगेश यादव सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षु खिलाड़ी मौजूद रहे।

Desk Report By in Tv

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें