साहिबगंज (Sahibganj): झारखंड में बालिकाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने की दिशा में साहिबगंज जिला प्रशासन ने एक अहम पहल की है। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (DSWO) के मार्गदर्शन में District CM SOE, सकरीगली (तालझारी) में आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को उनके अधिकार, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, POCSO Act, गुड टच–बैड टच, मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (MHM), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह मुक्त भारत, सखी वन स्टॉप सेंटर, डिजिटल साक्षरता, बाल संरक्षण और डायन प्रथा उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह, महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की स्थिति में कानूनी एवं संस्थागत सहायता कैसे प्राप्त करें, इसकी भी जानकारी छात्राओं को दी गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रायोजन योजना, फोस्टर केयर और आफ्टर केयर जैसी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए किशोरियों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए “एक पेड़ बेटी के नाम” अभियान के तहत छात्राओं से पौधारोपण कराया गया। वहीं, मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (C3) मो. खालिद, संरक्षण पदाधिकारी (गैर संस्थागत देखरेख) चंदा कुमारी, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मो. इकबाल, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने छात्राओं से शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, सामाजिक बुराइयों का डटकर विरोध करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर एवं सशक्त नागरिक बनने का आह्वान किया।
Desk Report By in Tv








