4.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, हत्या समेत कई मामलों का आरोपी भी दबोचा गया
दुमका (Dumka) : झारखण्ड के दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के पगवारा पहाड़ के समीप अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री एवं सेवन की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 4.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुमका पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पगवारा पहाड़ के समीप कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन में संलिप्त हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (जरमुंडी) नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।छापेमारी के दौरान पुलिस टीम जैसे ही पगवारा पहाड़ के पास पहुंची, झाड़ियों के समीप बैठे तीन युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दौड़ा कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मुनताज अंसारी उर्फ लखपतिया (27 वर्ष), रिजवान अंसारी (29 वर्ष) एवं फिरोज अंसारी उर्फ ठेपुआ (26 वर्ष), सभी थाना हंसडीहा क्षेत्र के सिंहनी गांव निवासी जिला दुमका के रूप में पहचान हुई।तीनों से तलाशी के दौरान मुनताज अंसारी के पास से 1.91 ग्राम, रजवान अंसारी के पास से 1.34 ग्राम तथा फिरोज अंसारी के पास से 1.24 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने कुल 4.49 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुनताज अंसारी उर्फ लखपतिया का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध हंसडीहा थाना में हत्या, एनडीपीएस एक्ट सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। इसके अलावा मोहनपुर और पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ विभिन्न आपराधिक कांड दर्ज हैं। छापेमारी दल में एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, हंसडीहा सर्किल इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद, थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव, अवर निरीक्षक जिमी हांसदा, अवर निरीक्षक दिलीप हांसदा समेत पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।
Report by मौशम कुमार गुप्ता








