वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka: एसकेएम यू में सीट कटौती पर गरजी ABVP, राज्यपाल से सीधा हस्तक्षेप की मांग

दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (SKMU) में स्नातक सीटों में की गई भारी कटौती को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी के नेतृत्व में एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सह कुलाधिपति को विस्तृत ज्ञापन सौंपा और छात्रहित से जुड़े गंभीर मुद्दों पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय ने राज्यपाल को बताया कि यूजी सीटों में की गई कटौती के कारण संथाल परगना के हजारों गरीब और ग्रामीण छात्र उच्च शिक्षा से वंचित होने की कगार पर हैं। उन्होंने सीटों की कटौती को तत्काल वापस लेकर पूर्ववत नामांकन व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
एबीवीपी ने विश्वविद्यालय की बदहाल शैक्षणिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। ज्ञापन में विलंबित शैक्षणिक सत्र, परीक्षा परिणामों में लगातार हो रही गड़बड़ियां, मॉडल और महिला महाविद्यालयों में शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की भारी कमी को छात्रों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने दुमका, जामताड़ा और पाकुड़ में स्नातकोत्तर (PG) की पढ़ाई शुरू कराने, नई कलेक्टर व्यवस्था के कारण बंद हुए विषयों को दोबारा संचालित करने, विश्वविद्यालय में कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारियों को महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियों से अलग रखने की मांग भी उठाई।
इसके साथ ही बीएड और वोकेशनल पाठ्यक्रमों को सेल्फ फाइनेंस व्यवस्था से मुक्त कर सरकारी घोषित करने तथा JPSC परीक्षा परिणामों में सामने आ रही कथित विसंगतियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की गई।
एबीवीपी ने कहा कि संथाल परगना जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्र में उच्च शिक्षा को मजबूत किए बिना झारखंड के समग्र विकास की कल्पना अधूरी है। राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए छात्रहित में आवश्यक कार्रवाई और उचित दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया।

Report by मौशम कुमार गुप्ता 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें