दुमका (Dumka) : झारखण्ड के दुमका से बड़ी ख़बर सामने आयी है जहाँ जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बेलूडीह गांव में शनिवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक पिता पर अपनी ही 13 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या करने और बीच-बचाव करने पहुंचे 68 वर्षीय बुजुर्ग की भी पीट-पीटकर जान लेने का आरोप है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
मृत बच्ची की पहचान पुड़की कुमारी (13) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक गांव के सरजू मंडल (68) हैं। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी मनोज मंडल किसी बात को लेकर अपनी बेटी की बेरहमी से पिटाई कर रहा था। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर सरजू मंडल उसे बचाने पहुंचे और आरोपी को समझाने की कोशिश की। लेकिन गुस्से में बेकाबू मनोज मंडल ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल सरजू मंडल को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं मासूम पुड़की कुमारी ने भी दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने अपनी बेटी के शव को कुएं में फेंक दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। इस दर्दनाक दोहरे हत्याकांड के बाद बेलूडीह गांव में मातम पसरा है, जबकि ग्रामीण आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Report by मौशम कुमार गुप्ता








