पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ जिले से बड़ी ख़बर सामने आयी है जहाँ हिरणपुर थाना क्षेत्र के रामपुर और लखनपुर गांव में विवाद की सूचना के बाद प्रशासन को पूरी रात गांव में कैंप करना पड़ा। भारी पुलिस बल की तैनाती, अतिरिक्त फोर्स की मांग और अस्थायी पुलिस कैंप बनाए जाने के बाद अब पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि इलाके में तनाव की आशंका पहले से थी, तो स्थानीय पुलिस और खुफिया तंत्र समय रहते सक्रिय क्यों नहीं हुआ? क्या विवाद को शुरुआती स्तर पर ही शांत नहीं कराया जा सकता था, जिससे पूरी रात प्रशासन को मोर्चा संभालने की नौबत नहीं आती?
घटना के बाद एसडीपीओ, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पाकुड़ और दुमका से अतिरिक्त जवान बुलाए गए तथा धोवाडांगा और रामपुर स्कूल में अस्थायी पुलिस कैंप स्थापित किए गए। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दोनों पक्षों के साथ बातचीत कर स्थायी समाधान का प्रयास किया जाएगा।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने कानून-व्यवस्था और स्थानीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या संभावित तनाव की सूचना पहले नहीं मिली थी? यदि मिली थी, तो समय रहते प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? इन सवालों के जवाब का इंतजार अब आम लोगों के साथ-साथ प्रशासनिक तंत्र को भी देना होगा।
Desk Report by in Tv








