दुमका (Dumka): झारखण्ड मे मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना (MUJY) के तहत दुमका जिले के दूरस्थ और अब तक बिजली से वंचित गांवों, टोलों और मुहल्लों में तेजी से विद्युतीकरण का कार्य किया जा रहा है। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, दुमका के कार्यपालक अभियंता अमिताभ बच्चन सोरेन ने बताया कि योजना के तहत जिले के 190 चिन्हित गांवों में विद्युतीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें से अब तक 133 गांवों में कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 1025 घरों में बिजली मीटर लगाकर नए विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जिससे ग्रामीण परिवारों को पहली बार नियमित बिजली की सुविधा मिल रही है।
बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 108 नए ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा विद्युत वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 130 किलोमीटर एलटी (LT) केबल और 26 सर्किट किलोमीटर (CKM) एचटी रैबिट वायर बिछाने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
कार्यपालक अभियंता अमिताभ बच्चन सोरेन ने कहा कि योजना के शेष कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए विभाग युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। योजना पूरी होने के बाद जिले के सभी चिन्हित गांवों तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।
Report by मौशम कुमार गुप्ता








