पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ से बड़ी ख़बर सामने आयी है जहाँ चोरों ने ऐसी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर मुख्य सड़क स्थित इंडियन ऑइल पेट्रोल पंप से अज्ञात बदमाश 16 चक्का हाईवा लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चोरी गया हाईवा शहर के बस स्टैंड निवासी अनुकूल आलम का है। चालक ने डीजल खत्म होने के कारण बीते गुरुवार को वाहन पेट्रोल पंप पर खड़ा किया था। रविवार देर रात करीब 12 बजे शातिर चोर हाईवा लेकर फरार हो गए। सोमवार शाम वाहन गायब होने की सूचना मालिक को मिली। उस समय वह रांची में थे।
मालिक के निर्देश पर मैनेजर मोहम्मद आजम ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने वाहन के कागजात लेकर प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया, जिसमें हाईवा चोरी की पूरी घटना कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। 
वाहन मालिक अनुकूल आलम ने बताया कि हाईवा में सुरक्षा के लिए दो जीपीएस डिवाइस लगे हुए थे, लेकिन चोर उन्हें भी तोड़कर फेंक गए, ताकि वाहन की लोकेशन ट्रैक न हो सके। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हाईवा और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब विधायक के पेट्रोल पंप से भी भारी वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की संपत्ति कितनी सुरक्षित है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए हर पहलू पर जांच की जा रही है।
Desk Report By in TV








