वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka ब्राउन शुगर पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 9.72 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

हंसडीहा स्टेडियम में चल रहा था खरीद-बिक्री और सेवन का खेल, गुप्त सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोचा

दुमका (Dumka): झारखण्ड के उपराजधानी दुमका में ब्राउन शुगर के बढ़ते कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसा है। हंसडीहा थाना क्षेत्र के +2 हाई स्कूल स्टेडियम परिसर में छापेमारी कर पुलिस ने 9.72 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसडीपीओ जरमुंडी नवल किशोर सिंह ने बताया कि 5 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेडियम परिसर में कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

शाम करीब 4:10 बजे पुलिस टीम जैसे ही स्टेडियम पहुंची, वहां मौजूद तीन युवक पुलिस वाहन देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सहादत शेख, मोहम्मद बसीर और आर्यन शेख, तीनों निवासी दुधानी (दुमका), के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान सहादत शेख के पास से 5.46 ग्राम, मोहम्मद बसीर के पास से 2.78 ग्राम और आर्यन शेख के पास से 1.48 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। तीनों के कब्जे से कुल 9.72 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया।

पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस छापेमारी अभियान में एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, हंसडीहा थाना प्रभारी अजित कुमार यादव, जिम्मी हांसदा, दिलीप हांसदा सहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
दुमका पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा

Report by मौशम कुमार गुप्ता 

 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें