जोनल फुटबॉल फाइनल में माउंट कर्मेल, डॉन बॉस्को और एसडीए स्कूल का शानदार प्रदर्शन
राँची (Ranchi): झारखण्ड के रांची मे माउंट कर्मेल स्कूल, ओरमांझी में आयोजित जोनल फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साह और खेल भावना के माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। फाइनल मुकाबलों में विभिन्न विद्यालयों की टीमों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में माउंट कर्मेल स्कूल, ओरमांझी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सेंट फ्रांसिस स्कूल, बनहोरा को 2-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में एसडीए स्कूल, खूंटी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लोरेटो कॉन्वेंट को 2-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में डॉन बॉस्को स्कूल ने माउंट कर्मेल स्कूल, ओरमांझी को 2-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया और स्वर्ण पदक जीता।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए अतिथियों ने उन्हें भविष्य में भी इसी तरह अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डॉन बॉस्को स्कूल के प्राचार्य फादर उज्ज्वल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सफल आयोजन के लिए माउंट कर्मेल स्कूल प्रबंधन समिति को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करती हैं।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
माउंट कर्मेल स्कूल के निदेशक फादर दीपक ने कहा, खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सबसे प्रभावी पाठशाला है। मैदान में खिलाड़ी अनुशासन, नेतृत्व, टीमवर्क, आत्मविश्वास और चुनौतियों का सामना करने की कला सीखते हैं। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से सशक्त नागरिक बन सकें। इस जोनल टूर्नामेंट में सभी टीमों ने जिस खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। विजेता टीमों को बधाई और अन्य प्रतिभागियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं। हमें विश्वास है कि यही खिलाड़ी आने वाले समय में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर माउंट कर्मेल स्कूल के निदेशक फादर दीपक, प्राचार्य सिस्टर टेसीन, सुनील कुमार कागरा, सत्येंद्र कुमार, फ्रांसिस, फिरोज सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Report by मुजफ्फर हुसैन








