दुमका (Dumka): झारखण्ड के उपराजधानी दुमका में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर के कई इलाकों और पुराना दुमका पंचायत के गांवों में पिछले 12 से 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर से बाधित हुई बिजली आपूर्ति सोमवार शाम तक भी सामान्य नहीं हो सकी। वहीं, कुछ इलाकों में शनिवार देर रात से ही बिजली गुल है। बारिश शुरू होने से पहले ही बिजली आपूर्ति बाधित हो जाने से विद्युत व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि मामूली हवा चलने पर भी बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो जा रही है।
बिजली नहीं रहने से मोबाइल चार्जिंग, पेयजल आपूर्ति और बिजली से संचालित अन्य घरेलू उपकरण बंद पड़े हैं। कई लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरे स्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है।
इस बीच, विद्युत विभाग के अधिकारी बिजली बाधित होने के कारणों पर स्पष्ट जानकारी देने से बच रहे हैं। विभाग की ओर से केवल जल्द बिजली आपूर्ति बहाल होने का आश्वासन दिया जा रहा है। लगातार बिजली संकट से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
Report by मौशम कुमार गुप्ता








