दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले मे राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने सोमवार को बासुकीनाथ धाम पहुंचकर मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रूट लाइन, संस्कार मंडप, शिवगंगा समेत कई महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि मेला से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए पूरे मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिवगंगा का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसकी स्वच्छता और रखरखाव को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ पर लगे सभी विद्युत उपकरणों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने को कहा। साथ ही रात्रि के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त और निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 
इसके अलावा उन्होंने भीड़ प्रबंधन, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की तैयारियों का भी जायजा लिया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक माहौल मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Report by मौशम कुमार गुप्ता








