मोतिहारी (Motihari): बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले के घोड़ासहन स्थित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज परिसर में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी, रोटरी क्लब एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान, स्वास्थ्य जांच एवं जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जबकि 200 से अधिक मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
मुख्य अतिथि जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह रेड क्रॉस सोसाइटी के पदेन अध्यक्ष शैलेन्द्र भारती ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए लोगों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में 100 से अधिक जीविका दीदियों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक एवं स्वयंसेवक शामिल हुए। 
इस अवसर पर जवाहरलाल नेहरू कॉलेज परिवार ने शैलेन्द्र भारती को उनकी पुस्तक “सुगौली का इतिहास” भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों एवं रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
Desk Report By IN TV








