वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Giridih पुलिस को चुनौती देने वालों पर शिकंजा, हमले के मामले में दो गिरफ्तार, बाकी की तलाश तेज

गिरिडीह (Giridih): झारखण्ड के गिरिडीह जिले मे साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर गिरफ्तार अपराधी को छुड़ाने की दुस्साहसिक घटना में गिरिडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
बताया जाता है कि 10/11 जून की रात साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में छिपा हुआ है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। लेकिन गिरफ्तारी के दौरान कुछ साइबर अपराधियों और असामाजिक तत्वों ने संगठित होकर पुलिस टीम को घेर लिया और हंगामा करते हुए आरोपी को छुड़ाकर फरार करा दिया।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, पथराव किया तथा सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली इस घटना के बाद अहिल्यापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ जितवाहन उरांव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल जितन मंडल और सूरज मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि हमले और आरोपी को छुड़ाने की साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Report By नफीस अज़हर 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें