वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Patna पाटलिपुत्र की गौरवगाथा को मिलेगा नया आयाम, जेपी गंगा पथ पर एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य जल्द पूरा करें : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना (Patna) :  बिहार के विकास और विरासत संरक्षण को नई गति देने की दिशा में शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में जल संसाधन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने राज्य के बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन विकास और गंगा तट के सौंदर्यीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी गंगा पथ पर एक लाख पौधारोपण का लक्ष्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए, ताकि हरित बिहार के संकल्प को साकार किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पौधारोपण अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे एक व्यापक पर्यावरणीय आंदोलन का रूप दिया जाए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्राचीन पाटलिपुत्र की ऐतिहासिक पहचान और गौरवशाली विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए ठोस पहल की जानी चाहिए।
गंगा तट के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कुर्जी घाट से काली घाट तक समग्र विकास योजना तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि इस क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक संरचनाओं और जनसुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, ताकि यह पटना की नई पहचान बन सके।
उन्होंने सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवनों के बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए पीपीपी (PPP) और डीबीओएम (DBOM) मॉडल की संभावनाओं का अध्ययन करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकारी परिसंपत्तियों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित कर उन्हें राजस्व सृजन और जनहित के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। 
पर्यटन क्षेत्र को राज्य की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों का समग्र विकास किया जाए तथा उनकी विशेषताओं और सुविधाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रचारित की जाए, ताकि देश-विदेश के पर्यटक बड़ी संख्या में बिहार का रुख करें।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास योजनाओं और प्रस्तावों पर समयबद्ध एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विकास कार्यों का लाभ शीघ्रता से आम जनता तक पहुंच सके और बिहार की प्रगति को नई रफ्तार मिल सके।

Desk Report By IN TV

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें