दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले मे आम लोगों को जाति एवं निवासी प्रमाण पत्र के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर से राहत दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “अबुआ जाति-निवासी प्रमाण पत्र अभियान” के तहत शनिवार को दुमका प्रखंड की राजबांध पंचायत स्थित फुटबॉल मैदान में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन दुमका विधायक बसंत सोरेन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू किया गया यह अभियान ग्रामीणों तक प्रशासनिक सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि 6 जून से शुरू हुआ यह अभियान 20 जून तक जिले भर में चलेगा, जिसके तहत पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर लोगों को जाति एवं निवासी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए लोगों को प्रखंड कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब प्रशासन खुद गांवों तक पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को टोटो उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार के अवसर दे रही है। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि जाति एवं निवासी प्रमाण पत्र कई सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि हर पात्र व्यक्ति को यह सुविधा उसके गांव के निकट ही उपलब्ध हो। उन्होंने बताया कि प्रशासन “आपनार आतो कामी” कार्यक्रम के माध्यम से प्रवासी श्रमिकों को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम कर रहा है।
शिविर के दौरान विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। वहीं दुमका प्रखंड की कई दीदियों को विधायक बसंत सोरेन ने टोटो वाहन सौंपे और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। 
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। यह शिविर ग्रामीणों को उनके अधिकारों और सरकारी सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
Report By मौशम कुमार गुप्ता








