दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले मे आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी दुमका द्वारा शनिवार को जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाता सूची के शुद्धिकरण और नए मतदाताओं को जोड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश कुमार मंडल ने की। मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई बूथ है और चुनावी जीत की नींव भी वहीं से रखी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या फर्जी प्रविष्टि को चिन्हित कर दूर किया जाए, इसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड की जनता भ्रष्टाचार, पेपर लीक और प्रशासनिक विफलताओं से परेशान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच पहुंचकर भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से रखने का आह्वान किया।
पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने राम मंदिर निर्माण, धारा 370 की समाप्ति, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना जैसी पहलों को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।
जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अब सीधे लाभुकों तक पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
कार्यशाला के दौरान BLA-1, BLA-2, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं मंडल पदाधिकारियों को मतदाता सूची सत्यापन, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा वोटर वेरिफिकेशन ऐप के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने “हर बूथ, भाजपा बूथ” के संकल्प के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का प्रण लिया। 
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल सहित कई वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Report By मौशम कुमार गुप्ता








