वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

59 लाख के 174 संदिग्ध मोबाइल के साथ दो युवक दबोचे गए, वनांचल एक्सप्रेस में चल रहा था बड़ा खेल

साहिबगंज: झारखण्ड के बरहरवा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बरहरवा ने अवैध मोबाइल तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वनांचल एक्सप्रेस से करीब 59 लाख रुपये मूल्य के 174 संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मोबाइल फोनों के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद सभी सामान जब्त कर रेल थाना बरहरवा को सौंप दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच में दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में संदिग्ध मोबाइल फोन लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ और सीपीडीएस की संयुक्त टीम ने गुमानी से बरहरवा स्टेशन के बीच विशेष जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान जनरल कोच संख्या ER-104464 में दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में पिट्ठू बैग के साथ पाए गए। टीम को देखते ही दोनों चलती ट्रेन से उतरकर बच निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख (28) और मोहम्मद रहमत शेख (23), दोनों निवासी कलियाचक, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके बैग से कुल 174 पुराने और इस्तेमाल किए गए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। इनमें 85 मोबाइल नासरुद्दीन और 89 मोबाइल रहमत के कब्जे से मिले।

आरपीएफ के अनुसार बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत 58,95,878 रुपये है। आरोपियों से मोबाइल फोनों की खरीद-बिक्री अथवा स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद बीएनएसएस के प्रावधानों के तहत सभी मोबाइल फोन जब्त कर दोनों आरोपियों को रेल थाना बरहरवा के सुपुर्द कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में यह मामला चोरी के मोबाइल फोनों की खरीद-फरोख्त अथवा अवैध तस्करी से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोनों के आईएमईआई नंबरों का सत्यापन कर उनके वास्तविक मालिकों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। आरपीएफ की इस कार्रवाई को हाल के दिनों में मोबाइल तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Desk Report By IN TV 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें