पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ मे आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को पाकुड़ के रविंद्र भवन में पार्टी की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडे ने कहा कि 20 जून से शुरू होने वाले एसआईआर अभियान के दौरान जिले के एक भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने बताया कि पाकुड़ जिले में 1 लाख 78 हजार 761 मतदाताओं के नाम अनमैप्ड सूची में दर्ज हुए हैं, जिन्हें सूची में जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता है।
उन्होंने पार्टी द्वारा नियुक्त बीएल-2 कार्यकर्ताओं और बूथ कमेटी के सदस्यों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर अनमैप्ड वोटरों की पहचान करें और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का भी महत्वपूर्ण दायित्व है।
प्रशिक्षण शिविर में एसआईआर की प्रक्रिया, मतदाता सूची पुनरीक्षण के नियमों तथा बूथ स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
झामुमो का मानना है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।
Desk Report By IN TV








