साहिबगंज (Sahibganj): संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 में पाकुड़ पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे संथाल परगना रेंज में पहला स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। साहिबगंज पुलिस केंद्र में 10 से 12 जून तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पाकुड़ के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने विभिन्न तकनीकी, अनुसंधान एवं कानून आधारित प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में संथाल परगना के छह जिलों—दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा, जामताड़ा और देवघर—के पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान फॉरेंसिक साइंस, मेडिको लीगल, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, फिंगर प्रिंट, फोटोग्राफी, ऑब्जर्वेशन टेस्ट, पुलिस पोर्ट्रेट, कंप्यूटर अवेयरनेस और डॉग स्क्वाड टेस्ट सहित कुल 10 इवेंट आयोजित किए गए।
पाकुड़ जिले से शामिल 14 प्रतिभागियों ने कई प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। मेडिको लीगल (ओरल) प्रतियोगिता में पुलिस निरीक्षक प्रयाग दास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एएसआई नागेंद्र कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं क्राइम इन्वेस्टिगेशन, लॉ एंड रूल्स एंड कोर्ट जजमेंट्स प्रतियोगिता में भी प्रयाग दास ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी दक्षता का परिचय दिया। 
ऑब्जर्वेशन टेस्ट में आरक्षी राकेश कुमार सरकार ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि पुलिस पोर्ट्रेट प्रतियोगिता में उन्होंने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कंप्यूटर अवेयरनेस इवेंट में आरक्षी पिंटू कुमार साहा ने प्रथम तथा आरक्षी तोपेश कुमार मंडल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर पाकुड़ पुलिस की तकनीकी क्षमता को साबित किया।
इसके अलावा ओवरऑल रेंज चैंपियन (इंडिविजुअल) श्रेणी में पुलिस निरीक्षक प्रयाग दास ने द्वितीय स्थान हासिल कर जिले की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पाकुड़ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पाकुड़ जिला संथाल परगना के छह जिलों में सर्वश्रेष्ठ जिला घोषित हुआ और प्रथम स्थान प्राप्त किया। 
यह उपलब्धि न केवल पाकुड़ पुलिस की पेशेवर दक्षता और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि आधुनिक पुलिसिंग, अनुसंधान क्षमता और तकनीकी ज्ञान के क्षेत्र में पाकुड़ पुलिस लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।
Desk Report By IN TV








