पाकुड़ (Pakur): जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुष्पानगर में एक चाय दुकान पर छापेमारी कर पुलिस ने ब्राउन शुगर और गांजा की बिक्री के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ और नकदी बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि पुष्पानगर स्थित एक चाय दुकान में अवैध रूप से ब्राउन शुगर और गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस टीम जब दुकान पर पहुंची तो वहां मौजूद कई लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो संदिग्धों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंसारूल शेख (50 वर्ष), निवासी झिकरहाट्टी और सादुल शेख (55 वर्ष), निवासी उदयनारायणपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अंसारूल शेख के पास और उसकी चाय दुकान से कुल 21 पुड़िया ब्राउन शुगर (7.07 ग्राम) तथा 24 पुड़िया गांजा (50.44 ग्राम) बरामद किया गया। वहीं सादुल शेख के पास से 2 पुड़िया गांजा (4.29 ग्राम) मिला। इसके अलावा 2310 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पूछताछ में अंसारूल शेख ने पुलिस को बताया कि झिकरहाट्टी निवासी बदरूल शेख पश्चिम बंगाल से मादक पदार्थ लाकर इलाके में सप्लाई करता है। पुलिस ने इस खुलासे के बाद फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
इस संबंध में मुफस्सिल थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Desk Report By IN TV








