दुमका (DUMKA): जिस पिता को बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण का सबसे बड़ा आधार माना जाता है, उसी पर जब अपनी नाबालिग बेटी के यौन शोषण का आरोप लगे तो यह समाज को झकझोर देने वाली घटना बन जाती है। ऐसा ही एक मामला दुमका में सामने आया है, जहां पश्चिम बंगाल पुलिस ने जियो कंपनी के एक प्रबंधक को पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित न्यू टाउनशिप थाना की पुलिस सोमवार को दुमका पहुंची और नगर थाना पुलिस के सहयोग से जियो कंपनी के प्रबंधक मानस दास को उसके किराए के आवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी की गई और फिर पुलिस उसे अपने साथ दुर्गापुर ले गई।
पत्नी ने दर्ज कराया पोक्सो एक्ट का मामला
आरोपी की पत्नी ने दुर्गापुर न्यू टाउनशिप थाना में दर्ज कराई गई शिकायत में गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, उनकी नाबालिग बेटी पिछले एक वर्ष से मानसिक रूप से परेशान थी। पहले उसका इलाज दुर्गापुर मिशन अस्पताल में कराया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद पति-पत्नी बेटी को इलाज के लिए वेल्लोर लेकर गए।
बताया गया कि वेल्लोर में चिकित्सकों द्वारा काउंसलिंग और पूछताछ के दौरान किशोरी ने खुलासा किया कि उसके पिता द्वारा उसके साथ यौन शोषण किया जा रहा था। बेटी के इस खुलासे के बाद पूरा मामला सामने आया।
खुलासा करने पर मां को छोड़ने की देता था धमकी
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी अपनी बेटी पर लगातार दबाव बनाता था। वह उसे धमकी देता था कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह उसकी मां को छोड़ देगा। इसी भय और मानसिक दबाव के कारण किशोरी लंबे समय से अवसाद में थी। जानकारी के अनुसार, उसने एक बार आत्महत्या का प्रयास भी किया था।
चार महीने पहले हुआ था दुमका तबादला
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी मानस दास पिछले लगभग 12 वर्षों से जियो कंपनी में कार्यरत है। करीब चार महीने पहले ही उसका तबादला दुमका हुआ था, जहां वह मैनेजर के पद पर कार्यरत था। अप्रैल माह में परिवार के साथ वेल्लोर जाने के बाद मामला उजागर हुआ और पत्नी ने दुर्गापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
नगर थाना के सहयोग से हुई गिरफ्तारी
दुर्गापुर पुलिस सोमवार सुबह दुमका नगर थाना पहुंची। थाना प्रभारी अशोक राम के सहयोग से पुलिस टीम ने आरोपी को उसके किराए के मकान से गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले की आगे की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा की जा रही है। 
👉पुलिस का कहना है कि पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज इस संवेदनशील मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी।
Report by मौसम मण्डल








