मोतिहारी (MOTIHARI),पूर्वी चम्पारण: भारत की जनगणना-2027 के तहत पूर्वी चंपारण जिले में संचालित मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और पारदर्शिता का आकलन करने के लिए जनगणना निदेशालय, पटना की केंद्रीय टीम ने गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का नेतृत्व उपनिदेशक, जनगणना निदेशालय, पटना मोहन राजखोवा तथा जिला नोडल पदाधिकारी (जनगणना) सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।
निरीक्षण के दौरान मोतिहारी ग्रामीण चार्ज अंतर्गत सुपरवाइजरी सर्किल-47 के प्रगणक अरविंद कुमार के एचएलबी-176 तथा सुपरवाइजरी सर्किल-44 के प्रगणक पंकज कुमार के एचएलबी-304 में किए जा रहे कार्यों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने चयनित परिवारों से सीधे संवाद कर उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचनाओं का एचएलओ ऐप में दर्ज आंकड़ों से मिलान किया और डेटा की शुद्धता का सत्यापन किया।
टीम ने प्रगणकों द्वारा तैयार नजरी नक्शों एवं भवन संबंधी विवरणों की भी समीक्षा की। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में भौतिक सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया गया कि सभी सूचनाएं निर्धारित मानकों एवं जनगणना निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संकलित की गई हैं।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ केवल एचएलओ ऐप के माध्यम से ही संपादित किया जाए। साथ ही भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी अनुदेश पुस्तिका के प्रावधानों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
अधिकारियों ने परिवारों से भी संवाद स्थापित कर जनगणना-2027 के महत्व की जानकारी दी तथा उन्हें सही एवं तथ्यात्मक सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान रियल टाइम डेटा एंट्री की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई और डेटा गुणवत्ता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 
गौरतलब है कि पूर्वी चंपारण जिले में जनगणना कार्य के लिए कुल 37 चार्ज गठित किए गए हैं, जिनमें 27 ग्रामीण एवं 10 शहरी चार्ज शामिल हैं। जिले में 9,591 गणना ब्लॉक, 9,511 प्रगणक तथा 1,621 पर्यवेक्षक जनगणना कार्य में लगे हुए हैं।
निरीक्षण के दौरान राज्य नोडल पदाधिकारी आदित्य कुमार, राज्य पर्यवेक्षक हेमंत कुमार एवं रामध्यान सिंह सहित जिला जनगणना कोषांग के गोपाल जी मिश्र, अमरेश कुमार, मनोज कुमार, नवाब ठाकुर, अरविंद कुमार तिवारी और कमलेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
Desk Report By IN TV








