गिरिडीह (GIRIDIH): पचंबा थाना क्षेत्र के बोड़े इलाके में गिरिडीह पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की छापेमारी में दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया, जबकि एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से एक ब्रेजा कार भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम (SIT) का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान बोड़े स्थित एक मकान से दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया। पीड़िताओं ने पुलिस को बताया कि उन्हें डरा-धमकाकर और मारपीट कर देह व्यापार के धंधे में धकेला जा रहा था।
मामले में क्रांति देवी नामक महिला और उसके सहयोगियों पर जबरन देह व्यापार कराने का आरोप लगा है। पुलिस ने इस संबंध में पचंबा थाना कांड संख्या 52/26 दर्ज करते हुए BNS की विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी:
1.क्रांति देवी 2.मो. तौफीक अंसारी 3.मुशर्रफ अंसारी
पुलिस ने बताया कि मामले में इस्तेमाल की जा रही एक ब्रेजा चार पहिया वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस अभियान में डीएसपी रणवीर राणा, पुलिस निरीक्षक रंजन कुमार सहित पचंबा थाना की टीम शामिल रही। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
Report By नफ़िज़ अज़हर








