पाकुड़ (PAKUR): आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। पाकुड़ समाहरणालय स्थित सभागार में Megha Bhardwaj की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, जनसुविधा एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में डीसी मेघा भारद्वाज ने स्पष्ट कहा कि बकरीद पर्व के दौरान जिले में शांति एवं भाईचारा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया।
डीसी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट खबर पर भरोसा न करें और अफवाहों से बचें।
बैठक में Anudeep Singh ने कहा कि जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। असामाजिक तत्वों एवं माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील इलाकों में विशेष चौकसी बरती जाएगी तथा पुलिस बल लगातार गश्ती करेगी।
एसपी ने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले भ्रामक मैसेज का खंडन करने और ऐसे लोगों की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने में समाज के सभी वर्गों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक, आईटीडीए, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद अध्यक्ष, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी एवं जिले के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Desk Report By IN TV








