राँची (RANCHI): ओरमांझी थाना के नवनियुक्त पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी मनोज कुमार का मंगलवार को भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ओरमांझी प्रखंड कांग्रेस पश्चिमी मंडल अध्यक्ष सह खाद आपूर्ति विधायक प्रतिनिधि सफीउल्लाह अंसारी एवं शिक्षा विभाग विधायक प्रतिनिधि गोपाल उरांव ने किया। इस दौरान थाना प्रभारी को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
स्वागत समारोह में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने नवनियुक्त थाना प्रभारी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई।
इस मौके पर सफीउल्लाह अंसारी ने कहा कि मनोज कुमार एक सरल, मिलनसार, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी हैं। उनके नेतृत्व में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा तथा लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी।
वहीं गोपाल उरांव ने कहा कि एक मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था समाज में शांति और विकास की आधारशिला होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए थाना प्रभारी अपने अनुभव और कार्यशैली से अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को नई दिशा देंगे।
इस अवसर पर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
Report by मुजफ्फर हुसैन








