रांची (RANCHI): सरकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक संवेदनशीलता और तत्परता के साथ पहुंचाने की दिशा में रांची जिला प्रशासन ने एक मिसाल पेश की है। मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर 85 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक राधेश्याम नाथ को महज 24 घंटे के भीतर सर्वजन पेंशन योजना का लाभ और आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया गया।
किशोरगंज निवासी राधेश्याम नाथ योजनाओं का लाभ लेने समाहरणालय पहुंचे थे। बुजुर्ग की उम्र और परिस्थिति को देखते हुए उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला प्रशासन की टीम सक्रिय हुई और सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी कर पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं आयुष्मान कार्ड सीधे उनके घर पहुंचाकर सौंपा गया।
इस पहल से न सिर्फ बुजुर्ग को राहत मिली, बल्कि प्रशासन की मानवीय कार्यशैली भी सामने आई। लाभ प्राप्त करने के बाद राधेश्याम नाथ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद दिया। 
रांची जिला प्रशासन ने कहा कि जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और सम्मानजनक तरीके से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में भी इसी संवेदनशील सोच के साथ कार्य जारी रहेगा।
Report by मुजफ्फर हुसैन








