रांची (RANCHI) : Manjunath Bhajantri की अध्यक्षता में राँची समाहरणालय स्थित ब्लॉक-ए सभागार में मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड एवं जेएसएलपीएस से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष फोकस किया गया।
बैठक में प्रभारी विकास आयुक्त संजय भगत, प्रभारी डीपीएम जेएसएलपीएस अभिषेक चाँद, विभिन्न डोमेन प्रबंधक, जिले के 18 प्रखंडों के बीपीएम एवं बोर्ड के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में इन बिंदुओं पर हुई विशेष समीक्षा
🔹 स्फूर्ति योजना, कौशल विकास प्रशिक्षण, विपणन सहायता, तकनीकी हस्तक्षेप एवं वित्तीय सहायता योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
🔹 महिला स्वयं सहायता समूहों को योजनाओं से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
🔹 जेएसएलपीएस एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं एवं वंचित वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने दिए ये अहम निर्देश
👉फूलो-झानो आशीर्वाद योजना
लाभुकों का अद्यतन डेटा उपलब्ध कराने, योजना से बाहर हुए लोगों की पहचान करने तथा उन्हें दोबारा जोड़ने के लिए प्रभावी मैपिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
👉मंईयां सम्मान योजना
“मंईयां सम्मान से स्वावलंबन की ओर” अभियान के तहत प्रतिदिन अंडा उत्पादन से जुड़े आंकड़े उपलब्ध कराने और लाभुकों को अधिक से अधिक आजीविका गतिविधियों से जोड़ने को कहा गया।
👉एफपीओ की समीक्षा
एफपीओ पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने की बात कही गई। इसके लिए पदाधिकारियों की सूची, उनकी भूमिकाओं एवं व्यवसायिक गतिविधियों पर प्रस्तुति तैयार करने का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार
प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं गतिविधियों से संबंधित प्रेस विज्ञप्तियों को नियमित रूप से साझा एवं प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया ताकि आमजन तक योजनाओं की जानकारी पहुंच सके।
वित्तीय समावेशन
10 मुद्रा लोन लाभुकों की पहचान कर उद्यमिता प्रोत्साहन हेतु बैठक आयोजित करने तथा साइबर फ्रॉड की निगरानी एवं क्लेम सेटलमेंट सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
दीदी आजीविका कैफे
डीसी ऑफिस बी-ब्लॉक एवं सदर अस्पताल परिसर में “दीदी आजीविका कैफे” खोलने के लिए संभावित स्थलों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में उपायुक्त Manjunath Bhajantri ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जेएसएलपीएस के साथ बेहतर समन्वय से ग्रामीण आजीविका में व्यापक सकारात्मक बदलाव आएगा। साथ ही सभी योजनाओं की मासिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने और आगामी तीन माह बाद लक्ष्यों एवं उपलब्धियों की पुनः समीक्षा करने का निर्देश दिया
Report by मुजफ्फर हुसैन








